नई दिल्ली: उत्तराखंड के पौड़ी जनपद के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रहे ग्रामीण पत्रकार जगमोहन डांगी को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में ‘पर्यावरण गौरव’ सम्मान से सम्मानित किया गया। हरेला महोत्सव के अवसर पर कांस्टीट्यूशन क्लब, नई दिल्ली में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने वाले कई सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरण प्रेमियों को सम्मान प्रदान किया। जगमोहन डांगी को भी उनके पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों के लिए ‘पर्यावरण गौरव’ सम्मान से नवाजा गया।
जगमोहन डांगी पिछले कई वर्षों से पौड़ी के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले करीब 25 वर्षों से ‘मैती’ की भावना से पर्यावरण संरक्षण के कार्यों से जुड़े हैं। समलौंण सामाजिक एवं पर्यावरण संस्था से प्रेरित होकर पिछले पांच वर्षों से वे अपने क्षेत्र में प्रत्येक शुभ कार्य के अवसर पर लोगों को एक पौधा ‘समलौंण’ के तौर पर लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि पौधरोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर सामाजिक और पारिवारिक संस्कार का हिस्सा बनाया जाए।
सम्मान प्राप्त करने के बाद जगमोहन डांगी ने समलौंण सामाजिक एवं पर्यावरण संस्था के संस्थापक बीरेंद्र दत्त गोदियाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था से जुड़ने के बाद उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से कहीं अधिक पर्यावरण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का सम्मान है।”
उन्होंने कहा कि हरेला जैसे पर्व प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संदेश देते हैं। आवश्यकता है कि इस संदेश को केवल एक पर्व तक सीमित न रखकर वर्षभर पर्यावरण संरक्षण के प्रयास किए जाएं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधरोपण और प्रकृति संरक्षण को जिम्मेदारी के रूप में अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में पर्यावरणविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों ने सहभागिता की तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सम्मानित व्यक्तियों को पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, दिल्ली प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती, राज्य आंदोलनकारी हरिपाल रावत, हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा उत्तराखंड प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजय दरमोड़ा तथा केसी पांडेय ने संयुक्त रूप से सम्मान प्रदान किया।
जगमोहन डांगी ने इस सार्थक पहल के लिए अमर संदेश पत्रिका के संपादक अमर चंद्र एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।













