हरिद्वार : उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के 199 नए मामले सामने आये हैं। जिसके बाद अब राज्य में कोरोना के मरीजों की संख्या 3982 हो चुकी है। आज सबसे ज्यादा 91 कोरोना पॉजिटिव उधमसिंह नगर जिले में मिले, वहीँ हरिद्वार जिले में आज 30 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। हरिद्वार के सिडकुल की एक बड़ी औद्योगिक इकाई में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। सिडकुल की नामी-गिरामी मल्टीनेशनल कंपनी के 20 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कंपनी ने अपने कर्मचारियों का एक प्राइवेट लैब से टेस्ट कराया था। जिसमे 20 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
बतादें कि कुछ दिन पहले कंपनी में पहला पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद यूनिट में मौजूद 50 कर्मचारियों को पिछले दिनों होम क्वॉरेंटाइन किया गया था। सभी के सैंपल लिए गए थे। जिसके बाद प्राइवेट लैब की जांच रिपोर्ट में 20 कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक कंपनी में करीब डेढ़ हजार कर्मचारी काम करते हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन सभी की सैंपलिंग की तैयारी की जा रही है।