महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा बेटा-बेटी में फर्क न करें

नोएडा : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम की अध्यक्षता में विकास खंड बिसरख के ब्लाक परिसर में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को सुपोषण योजना, महिला हेल्प डेस्क, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, उप्र रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष, निराश्रित महिला पेंशन योजना आदि के बारे में विस्तार से बताया गया।

इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने कहा कि नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन महिलाओं के जीवन के तीन मूल मंत्र हैं। उन्होंने बेटा-बेटी से एक समान व्यवहार करने एवं महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने का आह्वान किया। जिला प्रबोशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी ने मिशन शक्ति के तहत जनपद स्तर पर किये गये कार्यों से अवगत कराया। जिला कार्यक्रम अधिकारी पूनम तिवारी द्वारा पोषण अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया। सहायक पुलिस आयुक्त (महिला सुरक्षा) रजनी गोयल ने पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिला सुरक्षा के लिए चलाये जा रहे स्वयं सिद्धा नामक पेट्रोलिंग स्कूटी के बारे में बताया। इसी के साथ नगर मजिस्ट्रेट (ग्रेटर नोएडा) गजेन्द्र कुमार ने महिलाओं को स्वावलंबी बनने एवं जागरूक होकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का संदेश दिया।

होशियारपुर कम्पोजिट विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मातृ शक्ति को समर्पित करते हुए नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह , बाल यौन शोषण घरेलू हिंसा की रोकथाम के कानूनों के बारे में रोचक ढंग से बताया गया। महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार, समाज कल्याण, दिव्यांग सशक्तीकरण श्रम विभाग, पशु चिकित्सा कृषि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टॉल लगा कर पम्पलेट्स वितरित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। श्रम विभाग की ओर से दीपक मोर्या ने श्रम विभाग से संबंधित योजनाओं के बारे में बताया । बेसिक शिक्षा विभाग के समन्वयक सूर्य प्रकाश ने शिक्षा और कृषि विभाग के अम्बा प्रकाश ने जैविक खेती के लाभ बताये।

इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने एक बच्ची का अन्नप्राशन कराया। इसके साथ ही मिशन शक्ति के अंतर्गत सराहनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला कृषक, स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। महिला कल्याण विभाग द्वारा निराश्रित महिला पेंशन की आवेदकों को पेंशन स्वीकृति पत्र वितरित किये गये।