पौड़ी : पौड़ी जनपद के पैठाणी थानाक्षेत्र के अंतर्गत खण्डखिल गांव में अपनी पत्नी की हत्या करने के आरोपी पति को पुलिस ने मात्र 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। थाना पैठाणी से मिली जानकारी के अनुसार बीते 18 सितंबर को राजस्व उपनिरीक्षक सुनील सिंह ने थाना पैठाणी पर सूचना दी कि ग्राम खण्डखिल में पुष्कर सिंह रावत की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष पैठाणी ने पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया कि मृतका के गले पर फंदे का निशान पड़ा है एवं शरीर के अन्य हिस्से में कोई चोट के निशान नहीं थे। रात्रि नावक्त होने की वजह से शव के पंचायतनामें की कार्यवाही नही हो पायी। अगले दिन सुबह जिले की फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर आवश्यक कार्यवाही कर शव को पंचायतनामा के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी भेजा गया।
इसीबीच अगले दिन यानी 19 सितंबर को ग्राम क्वीली, पट्टी बच्छण्स्यूँ जनपद रूद्रप्रयाग निवासी मृतक महिला के भाई विनोद सिंह चौहान ने अपने जीजा पर बहन की हत्या करने को आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी बहन ने आत्महत्या नही की है बल्कि उसके पति पुष्कर सिंह रावत ने चुन्नी से गला घोंटकर हत्या की है। प्रथम सूचना रिपोर्ट के आधार पर थाना पैठाणी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी. रेणुका देवी द्वारा उक्त हत्या की घटना को गम्भीरता से लेते हुये अभियोग के सफल निस्तारण करने व अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी करने हेतु आदेशित किया गया। जिसके बाद थानाध्यक्ष प्रताप सिंह के नेतृत्व में उ.नि. ओमप्रकाश, कांस्टेबल मनोज कुमार, राजेन्द्र सिंह, महिला कांस्टेबल प्रियंका सहित एक पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी पुष्कर सिंह रावत ने ही अपनी पत्नी की हत्या की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
जगमोहन डांगी