Home उत्तराखण्ड साहित्यकार व शिक्षक अखिलेश चन्द्र चमोला ‘शिक्षक सम्मान 2026’ एवं ‘ज्ञान सारथी...

साहित्यकार व शिक्षक अखिलेश चन्द्र चमोला ‘शिक्षक सम्मान 2026’ एवं ‘ज्ञान सारथी सम्मान 2026’ से अलंकृत

श्रीनगर गढ़वाल: शिक्षक दिवस के अवसर पर देवभूमि उत्तराखंड के प्रख्यात साहित्यकार एवं शिक्षक अखिलेश चन्द्र चमोला को शिक्षा, साहित्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दो प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। उन्हें ‘शिक्षक सम्मान-2026’ तथा ‘ज्ञान सारथी सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।

‘शिक्षक सम्मान-2026’ उन्हें तीन बार विश्व कीर्तिमान स्थापित कर चुकी पंजीकृत संस्था के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि विवेक बादल बाजपुरी ने प्रदान किया। इस अवसर पर बाजपुरी ने अखिलेश चन्द्र चमोला के सामाजिक एवं शैक्षिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे देवभूमि की ऐसी विलक्षण प्रतिभा हैं, जो लंबे समय से भावी पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा उनमें नैतिक मूल्यों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने चमोला की साहित्यिक कृतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी रचनाओं में मौलिक चिंतन, उत्कृष्ट सृजन क्षमता तथा समसामयिक संदर्भों का प्रभावी समन्वय देखने को मिलता है। उन्होंने विशेष रूप से ‘अनमोल प्रेरणादायिनी प्रसंग’, ‘जीवन दर्शन तथा आत्मबोध’, ‘भारतीय संस्कृति तथा नैतिक ऊर्जा के आयाम’ और ‘नैतिक बोधकथाएं’ जैसी कृतियों की सराहना की।

इसी अवसर पर अखिलेश चन्द्र चमोला की साहित्यिक एवं सामाजिक सेवाओं को रेखांकित करते हुए अखिल भारतीय साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था ‘प्रेरणा परिवार’ की ओर से उन्हें ‘ज्ञान सारथी सम्मान-2026’ से भी सम्मानित किया गया। एक ही अवसर पर दो प्रतिष्ठित सम्मान मिलने से शिक्षा एवं साहित्य जगत में खुशी का माहौल है।

मूल रूप से जनपद रुद्रप्रयाग के ग्राम कौशलपुर निवासी अखिलेश चन्द्र चमोला शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। वे समाज सुधार, नशामुक्ति जनजागरण तथा मूल्यपरक साहित्य सृजन के माध्यम से सामाजिक चेतना को मजबूत करने के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके अनुसार साहित्य का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज और नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देना भी है।

चमोला को अब तक विभिन्न साहित्यिक, सामाजिक एवं शैक्षिक योगदानों के लिए 1000 से अधिक राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक सम्मानों एवं उपाधियों से अलंकृत किए जाने का दावा किया गया है।

शिक्षक दिवस के अवसर पर मिले इन दोनों सम्मानों के लिए शिक्षा और साहित्य जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अखिलेश चन्द्र चमोला को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा सामाजिक एवं साहित्यिक क्षेत्र में निरंतर सक्रियता की कामना की।