plot-scheme-in-greater-noida
  • रिजर्व प्राइस से 200 फीसदी अधिक दर पर बिके कमर्शियल प्लॉट
  • ग्रेटर नोएडा में चार और जगह बन सकेंगे शॉपिंग कांप्लेक्स

ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा की पहचान औद्योगिक निवेश के साथ ही अब वाणिज्यिक हब के रूप में भी बन गई है। एक लाख रुपए प्रति वर्ग मीटर से अधिक दर से कमर्शियल प्लॉट बिके हैं। ग्रेटर नोएडा की कमर्शियल स्कीम के सेक्टर पी-4 और डेल्टा 2 स्थित प्लॉटों के लिए रिजर्व प्राइस से 200 फीसदी से भी अधिक दर पर बिड लगाई गई है। यह ग्रेटर नोएडा के नाम एक उपलब्धि है। अब इन जगहों पर शॉपिंग कंपलेक्स बन सकेंगे, जिससे आसपास रहने वालों को दैनिक जरूरत के सामान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

ग्रेटर नोएडा विकास के साथ ही कई नए आयाम छू रहा है। औद्योगिक निवेश के मामले में ग्रेटर नोएडा पहले से ही सबसे आगे बना हुआ है। अब व्यवसायिक प्लॉट की सबसे अधिक बोली लगने से एक और उपलब्धि भी ग्रेटर नोएडा के नाम जुड़ गई है। दरअसल प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण के निर्देश पर वाणिज्यिक सेल ने बीते माह दो एफएआर (फ्लोर एरिया रेश्यो) वाले पांच वाणिज्यिक भूखंडों की योजना निकाली थी। एसबीआई ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन मांगे गए थे। बृहस्पतिवार को इन भूखंडों की ऑनलाइन बिड खोली गई, जिसमें से 4 भूखंड आवंटित किए गए। एक-एक भूखंड सेक्टर डेल्टा टू व सेक्टर 36 में और दो भूखंड सेक्टर पी-फोर में स्थित हैं‌‌।

प्राधिकरण ने इन चारों भूखंडों के लिए रिजर्व प्राइस तय कर दी थी। बिड में सर्वाधिक कीमत लगाने वालों आवेदकों को यह प्लॉट आवंटित किए गए। सेक्टर पी-4 स्थित 3132 वर्ग मीटर का भूखंड 234 फीसदी अधिक कीमत पर बिका है। इसी तरह डेल्टा टू स्थित 1200 वर्ग मीटर का प्लॉट 227 फीसदी अधिक दर पर बिका है। इन 4 भूखंडों के जरिए प्राधिकरण ने 9841 वर्ग मीटर जमीन आवंटित की है। रिजर्व प्राइस के आधार पर इन चारों भूखंडों की कीमत 43.77 करोड़ रुपए तय की गई थी, लेकिन रिजर्व प्राइस से अधिक बिड लगने पर 82.45 करोड़ रुपए मिलेंगे।

अब प्राधिकरण इन आवेदकों को आवंटन राशि जमा करते आवंटन पत्र जारी कर देगा। सफल आवेदकों को 60 दिन के भीतर कुल कीमत की 50 फीसदी रकम जमा कराने होंगे। उसके बाद सफल आवेदक अपने भूखंड की लीज डीड करा सकेंगे और पजेशन लेकर इन भूखंडों पर शॉपिंग कांप्लेक्स बना सकेंगे। इससे आसपास के निवासियों को बहुत सुविधा हो जाएगी । अपनी जरूरत के सामान उन्हें घर के आस-पास मिल सकेंगे। सीईओ नरेंद्र भूषण ने वाणिज्यिक सेल से इन भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया को शीघ्र पूरी कर पजेशन देने के निर्देश दिए हैं।

प्लॉट साइज     सेक्टर        रिजर्व प्राइस     बिड रेट (करोड़ में)  फीसदी

1200             डेल्टा 2           5.54                   12.59           227%

2356                 36          10.42                10.63           102%

3132              पी-4              13.85                    32.43           234%

3153               पी-4             13.95                    26.79           192%

नोट: प्लॉट के साइज वर्ग मीटर में और कुल रिजर्व प्राइस व बिड रेट करोड़ रुपए में है।