Police arrested the accused who killed an elderly woman in Pauri Garhwal

पौड़ी :  पौड़ी गढ़वाल के पाबौ क्षेत्र में बुधवार को हुई एक बुजुर्ग महिला की सनसनीखेज हत्या के मामले में पौड़ी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के आरोपी युवक को 24 घंटे के अंदर खोजकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक ने लूटपाट के इरादे से बुजुर्ग महिला की हत्या की थी। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से लूटे गए 92 हजार नकद व ढ़ाई लाख रुपये मूल्य के जेवर भी बरामद कर लिए हैं।

बता दें कि बुधवार को पाबौ ब्लॉक, पट्टी बाली कण्डारस्यूँ के बगड़ गांव के बसन्त सिंह रावत ने पुलिस चौकी में फ़ोन कर सूचना दी कि उनके गाँव में एक बुजुर्ग महिला सावित्री देवी उम्र- 78 वर्ष की संदिग्ध हालत में मृत्यु हो गयी है। उक्त सूचना पर थानाध्यक्ष पैठाणी, चौकी प्रभारी पाबौ मय पुलिस बल के मौके पर पहुचकर तथा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। उक्त घटना के सम्बन्ध में मृतिका के पुत्र बलबीर सिंह ने कोतवाली पौड़ी पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी माता जी सावित्री देवी की हत्या कर, घर से गहने व नगदी चोरी कर ली।

प्रथम सूचना रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली पौड़ी पर मु0अ0सं0- 52/2021 धारा 394/302 भादवि बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया। जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक पौड़ी विनोद सिंह गुँसाई के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आज उक्त अभियोग में संलिप्त अभियुक्त  नवीन रावत को पाबौ से सतपुली जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह नोयडा में मजदूरी का काम करता है, जिसकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी। वह घटना से एक दिन पूर्व जंगल के रास्ते से अपने गाँव बगड़ आया। आरोपी को पहले से पता था कि उसकी बुजुर्ग दादी (मृतिका) घर में अकेली रहती है। जिसके चलते वह दिन में मौका पाकर घर में लूट के इरादे से घुसा। इस दौरान बुजुर्ग महिला सावित्री देवी द्वारा उसे रोका गया। जिसके बाद उसने सामने पड़े डण्डे से सावित्री देवी के सर पर वार कर लूट करके फरार हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त को अब न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा। अभियुक्त के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

बरामदगीः

  1. रू0 92,470/- नगद
  2. 03 हार पीली धातु के
  3. नाक की लोंग पीली धातु की
  4. 01 अंगूठी पीली धातु की
  5. 01 बुलाक पीली धातु की
  6. 03 कड़े बच्चो के सफेद धातु के
  7. 02 सफेद धातु के पायल

कीमत लगभग रू0 2,50,000/-

कुल धनराशी रू0 3,42,470/-

उक्त घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह गुंसाई, मोहम्मद अकरम, प्रताप सिंह, किशन दत्त शर्मा, पूनम शाह, सूरत शर्मा, हरीश, उमराव सिंह, प्रतीक, रितेश, दिनेश, रविन्द्र भट्ट, सहसपाल, राजेन्द्र गोस्वामी, पूजा, रोहिताश, मनोज, हेमन्त, संजय तथा भारत आदि पुलिस कर्मी शामिल थे।