Home उत्तराखण्ड कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर खाई में गिरी सवारियों से भरी बस

कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर खाई में गिरी सवारियों से भरी बस

accident-on-kotdwar-pauri-highway-gmou-bus-falls-into-gorge-near-bhadalikhal

कोटद्वार: कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही जीएमओयू की एक बस बुधवार दोपहर दुगड्डा और गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। बस में चालक सहित करीब 30 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक-दो यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। दोपहर लगभग दो बजे दुगड्डा और गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया, जिससे बस आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क पर ढलान होने के कारण बस धीरे-धीरे पीछे की ओर खिसकने लगी और चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क के बाईं ओर खाई में जा गिरी।

बताया जा रहा है कि खाई में गिरते समय बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई। यदि बस पेड़ से नहीं रुकती तो दुर्घटना और भी गंभीर हो सकती थी। पेड़ के सहारे बस रुक जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दुगड्डा एवं गुमखाल पुलिस चौकियों के साथ लैंसडौन कोतवाली से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस का प्रेशर पाइप फटना बताया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।