उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सरकार बनाने जा रही है। परन्तु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चुनाव हार जाने के बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाओ का बाजार गर्म है। बीते 2 दिनों से मुख्यमंत्री की दौड़ में धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, पुष्‍कर सिंह धामी, रमेश पोखरियाल, अनिल बलूनी, अजय भट्ट के नाम सामने आ रहे थे। परन्तु अब इस रेस में एक और नाम जुड़ गया है। और वो हैं नरेंद्र नगर से बीजेपी विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का।

सुबोध उनियाल शनिवार को पार्टी हाईकमान से मुलकात करने दिल्ली पहुँच गए हैं। सूत्रों के मुताबिक आलाकमान ने उन्‍हें मुख्यमंत्री पद को लेकर दिल्ली बुलाया है। जिसके बाद कयास लगाये जा रहे हैं कि वे भी राज्‍य के अगले मुख्‍यमंत्री हो सकते हैं। नरेंद्रनगर विधानसभा सीट से चौथी बार चुनाव जीते सुबोध उनियाल की जनता और विधायकों के बीच मजबूत छवि है। जिसके चलते उन्हें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद के लिए एक मजबूत दावेदार माना जा रहा है।