पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के पूर्व आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार को मैसमोर इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिला विज्ञान एवं सूचना अधिकारी हेमंत काला, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अंशुल बिष्ट तथा शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. पंचम सिंह रावत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में जनपद के नौ विकासखंडों की टीमों ने स्क्रीनिंग परीक्षा में प्रतिभाग किया। स्क्रीनिंग राउंड में एकेश्वर, यमकेश्वर, कोट, द्वारीखाल, दुगड्डा एवं थलीसैंण विकासखंड की टीमों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए मुख्य क्विज प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया।
छह चरणों में आयोजित मुख्य क्विज प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले के बाद एकेश्वर विकासखंड के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, संतुधार की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। थलीसैंण विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज, हिंवलीधार की टीम द्वितीय तथा दुगड्डा विकासखंड की टीम तृतीय स्थान पर रही। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेगी।
समापन समारोह में विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं सम्मान प्रदान करते हुए मुख्य अतिथि हेमंत काला ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास को विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने, नई जानकारियां अर्जित करने तथा आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। साथ ही राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाली टीम को शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम स्थल संयोजक एवं मैसमोर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनमें ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के तकनीकी सलाहकार के रूप में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अर्जुन सिंह नेगी, प्रधानाचार्य सुबोध कुमार नेगी तथा अनूप रावत ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर जयदीप रावत, महेंद्र रौथन, भवान सिंह नेगी, मनोज कुमार काला, नवेंद्र सिंह नेगी, अनीता रावत, विक्रम सिंह रावत, रघुराज चौहान, अविनाश जॉन, बलवंत सिंह नेगी, सुबोध कुकरेती, रविन्द्र रौतेला, अनूप बड़थ्वाल, चंद्रमोहन सिंह असवाल, दीपक रावत, वेदप्रकाश डोभाल एवं आशीष बेलवाल सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

















