Chardham Yatra 2022: आज उत्तराखंड की प्रसिद्ध चार धाम यात्रा आज से शुरू हो गयी है। आज गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट पूरे विधि विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। गंगोत्री धाम के कपाट सुबह 11:15 बजे खोले गए। वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट भी दोपहर 12:15 बजे खोल दिए गए। इसी के साथ चार धाम यात्रा की शुरुआत भी हो गई है। केदारनाथ के कपाट 6 मई को खुलेंगे वहीं बद्रीनाथ मंदिर के कपाट 8 मई को खोले जाएंगे।
इसबीच उत्तराखंड शासन द्वारा चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्वतीय मार्गों पर प्रातः 4 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक वाहनों के संचालन की अनुमति देने का निर्णय लिया गया है।
यह जानकारी देते हुए परिवहन आयुक्त रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि वर्तमान में चारधाम यात्रा हेतु यात्रा चैकपोस्टों का सुचारू रूप से संचालन प्रारंभ हो गया है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में अत्यधिक संख्या में यात्रियों की आने की संभावना है। चार धाम यात्रा मार्ग में हुए सुधार व विकास के फलस्वरूप चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे दृष्टिगत रखते हुए शासन द्वारा चारधाम यात्रा में पर्वतीय मार्गों पर सुबह 4 बजे से रात्रि में 10.00 बजे तक वाहनों के संचालन की अनुमति देने का निर्णय लिया गया है।
परिवहन आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं व यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।



