Home उत्तराखण्ड कार एक्सीडेंट के बाद ऋषभ पंत की मदद करने वाले ‘देवदूतों’ को...

कार एक्सीडेंट के बाद ऋषभ पंत की मदद करने वाले ‘देवदूतों’ को उत्तराखंड सरकार ने गणतंत्र दिवस पर किया सम्मानित

haryana-roadways-driver-conductor-honored-for-helpeing-cricketer-rishabh-pant-after-accident

देहरादून: गणतंत्र दिवस के मौके पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर सुशील कुमार और कंडक्टर को सम्मानित किया गया। इन दोनों ने कुछ दिन पहले सड़क हादसे में घायल हुए क्रिकेटर ऋषभ पंत की मदद की थी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा पर दोनों, चालक एवं परिचालक को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न (ब्रह्म कमल की अनुकृति) प्रदान की गई। यह सम्मान सुशील कुमार की पत्नी एवं परमजीत के पिता ने ग्रहण किया। इस मौके पर क्रिकेटर रिषभ पंत की सड़क हादसे के बाद सहायता करने वाले दो अन्य युवकों नीशू एवं रजत को भी सम्मानित किया गया।

बता दें पंत की जान बचाने में हरियाणा रोडवेज के बस चालक सुशील कुमार और कंडक्टर परमजीत ने अहम भूमिका निभाई थी। साथ ही रजत कुमार और नीशु कुमार ने पंत का सारा सामान और कैश जलती कार से निकाला था। इन चारों लोगों को उत्तराखंड के सीएम ने सम्मानित किया है।

30 दिसंबर को दिल्ली से रुड़की ढंढेरा अशोक नगर में अपने घर लौटते समय क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार नारसन में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर डिवाइडर से टकरकर हाईवे के दूसरी तरफ पलटी लेते हुए करीब 200 मीटर तक जा पहुंची थी। दुर्घटना के साथ ही कार में भयंकर आग लग गई थी। हादसे के बाद हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर सुशील कुमार, कंडक्टर परमजीत और पुरकाजी निवासी रजत और नीशू ने ही घायल क्रिकेटर ऋषभ पंत की सबसे पहले मदद की थी। रजत और निशु ने पुलिस को पंत से जुड़े सामान भी सौंपे थे। ऋषभ पंत से मिलने दोनों मैक्स अस्पताल भी पहुंचे थे। बाद में पंत ने दोनों की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उनका आभार जताया था।

हादसे के बाद पंत का पहले देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में इलाज हुआ था। फिर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया था। इसी महीने कोकिलाबेन हॉस्पिटल में पंत की सर्जरी भी हुई थी।