Ace Divino Society Greater Noida West

Greater Noida West News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऐस डिवेनो सोसाइटी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक टॉवर की 18वीं मंजिल से 12 साल का बच्‍चा नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को आनन फानन में घरवाले पास के अस्‍पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना गुरुवार रात की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्‍चे के शव को पोस्‍टमॉटर्म के लिए भेज दिया है। पुलिस जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर बच्‍चा ऊपर से नीचे कैसे गिर गया। फिलहाल छानबीन चल रही है।

बिसरख कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोसाइटी में मनीष कुमार गिरी परिवार के साथ रहते हैं। वह एक कंपनी में इंजीनियर है। जबकि उनकी पत्नी सपना डॉक्टर है। पुलिस के मुताबिक मनीष कुमार का 12 वर्षीय बेटा विराट कक्षा सातवीं का छात्र था। गुरुवार की शाम मनीष किसी काम से बाहर गए थे, जबकि उनकी पत्नी सोसाइटी में नीचे घूम रही थी।

इस दौरान उनका बेटा विराट बालकनी में खड़ा था। विराट अचानक जमीन पर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल विराट को आनन-फानन में नजदीक के एक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने विराट को मृत घोषित कर दिया। पुलिस विराट के बालकनी से गिरने की जांच कर रही है। सोसाइटी में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है।

बता दें कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कई सोसाइटी में ऊपर से नीचे गिरकर मरने जैसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले महीने 15 जून को नोएडा के सेक्‍टर 78 स्थित हाइड पार्क सोसाइटी में सुबह पौने छह बजे एक 4 साल के बच्‍चे की आठवें फ्लोर से नीचे गिरकर मौत हो गई थी। यह घटना जब हुई तो माता-पिता और बहन सो रहे थे। घरवालों को करीब आधे घंटे बाद इस बारे में पता चला। इसी तरह की एक घटना ग्रेटर नोएडा के सेक्‍टर 151 स्थित जेपी अमन सोसाइटी में हुई थी। यहां जांबिया निवासी एक स्‍टूडेंट की आठवें फ्लोर से गिरकर मौत हो गई थी। वह शारदा यूनिवर्सिटी में बीबीए की पढ़ाई कर रहा था।