Bear attacks woman

Rudraprayag News: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में वन्य जीवों द्वारा इंसानों पर हमले के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कहीं गुलदार तो कहीं भालू की दहशत है। ताजा मामला रुद्रप्रयाग जिले का है। रुद्रप्रयाग के जखोली ब्लॉक के धारकुड़ी कोट बांगर में आज सुबह घास लेने गई एक महिला पर भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। भालू के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। साथ में गई अन्य महिलाओं द्वारा शोर मचाने के बाद भालू भाग गया। किसी तरह महिला की जान बचाई जा सकी। महिला के चेहरे पर जख्म हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब नौ बजे धारकुड़ी कोट बांगर की 55 वर्षीय सुशीला देवी अन्य साथी महिलाओं के साथ घास काटने को लेकर पास के जंगल में गई थी। इस दौरान घात लगाकर बैठे भालू ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। महिला के चीख पुकार सुनकर अन्य महिलाओं ने भी शोर मचाना शुरू किया। जिस पर पास में मौजूद ग्रामीण तेजी के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख भालू महिला को छोड़कर भाग गया। लेकिन भालू तब तक सुशीला देवी को गहरे जख्म दे चुका था। घटना की सूचना के बाद वन विभाग के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। घायल महिला को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।