Holi Milan Samaroh and Tug of War Competition organized

पौड़ी:अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में विकासखंड कल्जीखाल के कोपलस्यूं पट्टी के अगरोडा में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए भव्य होली मिलन समारोह और रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजन किया गया। होली मिलन समारोह के संयोजक सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत मोहन बिष्ट ने बताया कि रस्साकशी प्रतियोगिता के आयोजन में कुल 14 टीमों ने प्रतिभाग किया। जिसमें महिला मंगल दल डांग विजेता और ध्वीली बिष्ट उप विजेता रही।

इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन द्वारा बहुदेशीय शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर और रस्साकशी प्रतियोगिता एवं होली मिलन समारोह का शुभारंभ मुंडेश्वर महादेव एवं माँ ज्वाल्पा देवी के ध्वजों के साथ मुख्य अतिथि पंडित राजेंद्र प्रसाद अंथवाल ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि समाजिक कार्यकर्ता योग्मबर सिंह नेगी की भी मौजूदगी रही।

इस मौके पर उन्होंने महिलाओं के लिए इस प्रकार का आयोजन करने के लिए आयोजकों की जमकर सहारना की। उन्होंने कहा इस प्रकार के आयोजन में महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने अवसर मिलता है। रस्सा कसी प्रतियोगिता आयोजन के साथ ही जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए गए। जिसमें जिला प्रशासन की ओर से विवेक उपाध्याय परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, तहसीलदार दिवान सिंह राणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विशाल शर्मा, खंड विकास अधिकारी कल्जीखाल गंगा प्रसाद लखेड़ा, एसडीओ विद्युत विभाग गोविंद सिंह रावत, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग सुनीता तोपाल के अलावा राजस्व विभाग, पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में कै. महावीर रावत, भीम सिंह बिष्ट, सुभाष गुसाईं, भूपेंद्र सिंह नेगी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रधान अगरोड़ा कविंद्र सिंह बिष्ट ने की।

इस दौरान होली मिलन समारोह में विगत वर्षों की भांति सतपुली की होली होल्यार टीम की उत्तराखंड के पारंपरिक परिधानों में होली गीतों से उपस्थित जन समूह को न केवल अपनी ओर आकृषित किया, बल्कि उन्हें भी अपने साथ झूमने पर मजबूर कर दिया। होली मिलन समारोह में मुंडेश्वर महादेव मंदिर के ध्वजों द्वारा शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधान मल्ली पल्ली जयवीर रावत, ग्राम प्रधान महावीर सिंह, सूबेदार मातवर सिंह, रणवीर सिंह बिष्ट, अर्जुन सिंह रावत, पूर्व प्रधान बीरेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।