Home उत्तराखण्ड Chardham Yatra 2025: चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, इन बातों...

Chardham Yatra 2025: चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, इन बातों का रखें ध्यान

Chardham-Yatra-2025

Chardham Yatra 2025: देवभूमि उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2025 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण आज से शुरू हो गया है। चारधाम यात्रा का आगाज 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हो जाएगा। दो मई को केदारनाथ और चार मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। इस बार सरकार ग्रीन चारधाम यात्रा अभियान भी शुरू कर रही है।

उत्तराखंड सरकार ने इस बार भी चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण की अनिवार्यता की है, ताकि श्रद्धालुओं को पंजीकृत तिथि पर दर्शन का लाभ प्राप्त हो सके। इसी क्रम में धामों में दर्शन की व्यवस्था की जा रही है। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए तीर्थयात्री registrationandtouristcare.uk.gov.in पर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया यात्रा से 40 दिन पहले शुरू की है।

यात्रा के लिए इस बार 60 प्रतिशत पंजीकरण ही ऑनलाइन होंगे, जबकि 40 प्रतिशत पंजीकरण ऑफलाइन किए जाएंगे। इस व्यवस्था से बिना पंजीकरण आने वाले तीर्थयात्रियों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। हरिद्वार, ऋषिकेश के साथ यात्रा मार्गों पर पंजीकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। यात्रा के शुरुआती 15 दिन तक पंजीकरण केंद्र 24 घंटे खुले रहेंगे।

श्रद्धालु इन बातों का रखें ध्यान

  • यात्रा से पूर्व आधार प्रमाणित पंजीकरण अनिवार्य है।
  • रजिस्ट्रेशन में सही मोबाइल नम्बर दर्ज करें।
  • धामों पर दर्शन टोकन अवश्य प्राप्त करें।
  • अपने साथ पर्याप्त ऊनी कपड़े, छतरी, रेनकोट आदि अवश्य रखें।
  • पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान सटीक स्वास्थ्य जानकारी प्रदान करें।
  • वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह दी जाती है।
  • यदि आप कोई दवा लेते हैं तो प्रचुर मात्रा में स्टॉक साथ रखें।
  • यात्रा मार्ग पर विभिन्न पड़ावों पर विश्राम करते हुए प्रस्थान करें, जिससे जलवायु अनुकूल हो सके।
  • यदि आप अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं तो यात्रा ना करें।
  • हेलीकॉप्टर यात्रा हेतु टिकट irctc.co.in से बुक करें।
  • हेलीकॉप्टर टिकट प्रदान करने का दावा करने वाले अनाधिकृत व्यक्तियों से बचें।
  • धामों पर दर्शन कराने का दावा करने वाले अनाधिकृत व्यक्तियों से बचें।
  • यात्रा मार्गों पर गंदगी न फैलाकर उन्हें स्वच्छ रखने में हमारा सहयोग करें।
  • कृपया वाहनों की गति नियंत्रित रखें एवं वाहनों को उचित स्थलों पर ही पार्क करें।

अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें

टोल फ्री नंबर:  0135-1364,  फोन न.: 0135-2559898, 0135-2552627  ई-मेल : touristcare.uttarakhand@gmail.com