Home उत्तराखण्ड पौड़ी में चीनी की जमाखोरी पर प्रशासन सख्त, 13 टीमों ने विभिन्न...

पौड़ी में चीनी की जमाखोरी पर प्रशासन सख्त, 13 टीमों ने विभिन्न स्थानों पर चलाया छापेमारी अभियान

4

पौड़ी 27 अगस्त, 2026: चीनी की जमाखोरी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने तथा बाजार में इसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से गुरुवार को जनपदभर में व्यापक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत विभाग की 13 टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर थोक एवं फुटकर विक्रेताओं, बड़े मिष्ठान भंडारों और अन्य प्रतिष्ठानों में चीनी के स्टॉक एवं उपलब्धता की जांच की।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि विभागीय टीमों ने कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, लैंसडाउन, बीरोंखाल, दुगड्डा, यमकेश्वर, सतपुली, पाबौ, ऊफरैंखाल, जडाऊखांद और चाकीसैंण समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

स्टॉक और बिक्री का किया मिलान

निरीक्षण के दौरान टीमों ने दुकानों में उपलब्ध चीनी की वास्तविक मात्रा का मिलान अभिलेखों में दर्ज स्टॉक तथा संबंधित माह में विक्रय की गई चीनी की मात्रा से किया। अधिकारियों ने व्यापारियों को शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित सीमा में ही चीनी का स्टॉक रखने के निर्देश दिए।

विभागीय टीमों ने व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्थिति में चीनी का अवैध भंडारण या जमाखोरी न की जाए। अधिकारियों ने कहा कि बाजार में चीनी की कृत्रिम कमी पैदा करने अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बाजार में चीनी की उपलब्धता और स्टॉक की स्थिति पर विभाग लगातार निगरानी रख रहा है। जमाखोरी पर प्रभावी रोक लगाने और उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने व्यापारियों से शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।