Home उत्तर प्रदेश UP Board Result 2025: यूपी बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में यश...

UP Board Result 2025: यूपी बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में यश प्रताप सिंह, 12वीं में महक जायसवाल ने किया टॉप

UP Board Result 2025

UP Board Result 2025 Result: माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने 10वीं-12वीं की वार्षिक परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस बार हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में 90.11 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में 81.15% छात्र उत्तीर्ण हुए।

हाईस्कूल में यश प्रताप सिंह ने किया प्रदेश में टॉप

हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में जालौन के रहने वाले यश प्रताप सिंह ने 97.83 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में टॉप किया है। दूसरे स्थान पर अंशी तिवारी इटावा 97.67 प्रतिशत और अभिषेक कुमार यादव बाराबंकी के रहने वाले 97.67 प्रतिशत, मुरादाबाद के मृदुल गर्ग 97.50 फीसदी अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

इंटर में महक जायसवाल ने किया टॉप

यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रयागराज की महक जायसवाल ने97.20% अंकों के साथ प्रदेश में टॉप किया है। महक ने 500 में से 486 अंक हासिल किए हैं. दूसरे स्थान पर तीन छात्राएं और एक छात्र रहे हैं। चारों के समान अंक आए हैं। दूसरे नंबर पर अमरोहा की साक्षी 96.80 फीसदी, सुल्तानपुर के आदर्श यादव 96.80 प्रतिशत, प्रयागराज की शिवानी सिंह 96.80%, कौशाम्बी की अनुष्का सिंह 96.80 प्रतिशत शामिल हैं। जबकि तीसरे नंबर पर इटावा की मोहिनी 96.40 फीसदी रहीं हैं।

उत्तर प्रदेश बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 फरवरी से 12 मार्च तक प्रदेश के 8140 केंद्रों में आयोजित की गई थीं। 19 मार्च से दाे अप्रैल तक यानी 15 दिनों में यूपी बोर्ड ने तीन करोड़ कॉपियों का मूल्यांकन भी पूरा करा लिया गया था। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए कुल 54,37,233 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 51,34,725 परीक्षार्थी (94.44 फीसदी ) उपस्थित और 3,02,508 (5.56 फीसदी) अनुपस्थित रहे।