पौड़ी: पंचायत चुनाव 2025 में विकास खंड कल्जीखाल के प्रमुख पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी गीता देवी ने मात्र 1 वोट के अंतर से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। 23 सदस्यीय क्षेत्र पंचायत में गीता देवी को 12 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी प्रिया देवी को 11 वोट प्राप्त हुए। कांटे की इस टक्कर में जीत दर्ज करते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
गीता देवी पट्टी असवालस्यूं की मिर्चोड़ा सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्विरोध चुनी गई थीं। उनके पैनल से ज्येष्ठ प्रमुख पद पर संजय पटवाल और कनिष्ठ प्रमुख पद पर दीपक असवाल ने जीत हासिल की।
दूसरी ओर, प्रिया देवी के पैनल में ज्येष्ठ प्रमुख पद के लिए प्रीति नेगी और कनिष्ठ प्रमुख पद के लिए संजय डबराल मिंटू मैदान में थे, जिन्हें 1 वोट से हार का सामना करना पड़ा।

गीता देवी एक गृहिणी हैं उनके पति संजय कुमार ब्लाक मुख्यालय में पीआरडी के पद कार्यरत हैं। वह जिस ब्लाक में 12 सालों से खंड विकास अधिकारी के निर्देशों का अनुपालन करते थे वह आज उसी ब्लाक के प्रमुखपति बन गये हैं।

जीत के बाद गीता देवी और उनके पैनल के विजयी सदस्यों का समर्थकों ने फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। क्षेत्रीय निर्वाचन अधिकारी अरविंद सिंह ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग देने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।