Home उत्तराखण्ड खेल महाकुंभ-2026: रामनगर ने जीता सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का...

खेल महाकुंभ-2026: रामनगर ने जीता सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब

Khel Mahakumbh-2026 Ramnagar won the title of MP Championship Trophy

पौड़ी: खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत पौड़ी मंडल मुख्यालय स्थित रांसी खेल मैदान में आयोजित सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के बालक वर्ग अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल में विधानसभा रामनगर ने विधानसभा देवप्रयाग को ट्राईब्रेकर में 7-6 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की।

प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में विधानसभा कोटद्वार और विधानसभा रामनगर की टीमें आमने-सामने रहीं। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं। इसके बाद मुकाबले का फैसला ट्राईब्रेकर से हुआ, जिसमें रामनगर ने कोटद्वार को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में विधानसभा देवप्रयाग ने विधानसभा पौड़ी को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में रामनगर और देवप्रयाग के खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं। इसके बाद ट्राईब्रेकर में रामनगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देवप्रयाग को 7-6 से हराकर खिताब पर कब्जा किया।

तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में विधानसभा पौड़ी ने विधानसभा कोटद्वार को 1-0 से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को अंडर-14 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग में बैडमिंटन, मलखंभ, फुटबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो और पिट्ठू सहित विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक राकेश मोहन बलोदी, राजेंद्र रावत, जगमोहन सिंह बिष्ट, सुरेंद्र रावत, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी भगवान गुसाईं, नरेश रावत, दिनेश नेगी, सचिन कश्यप, अजयपाल असवाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

जगमोहन डांगी