नवी मुंबई: बुरांश यूथ यूनाइटेड के तत्वावधान में आयोजित उत्तराखंड चैलेंजर्स कप सीजन–10 का भव्य फाइनल मुकाबला रायगढ़ भवन, CIDCO क्रिकेट ग्राउंड में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। टूर्नामेंट के पुरुष, महिला और सेलिब्रिटी वर्ग के फाइनल मुकाबलों में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला।
पुरुष वर्ग: डेयरी टेक हिमालयन का दबदबा
पुरुष वर्ग के फाइनल में Dairy Tech Himalayan, Pune और Pahadi Avengers के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। टॉस जीतकर Pahadi Avengers ने पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए Dairy Tech Himalayan ने 20 ओवरों में 166 रन बनाए और 167 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में Pahadi Avengers की टीम विरोधी टीम की सटीक गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के आगे टिक नहीं पाई और 100 रन से पहले ही सिमट गई। इस जीत के साथ Dairy Tech Himalayan, Pune ने सीजन–10 का खिताब अपने नाम कर लिया।
- ऋषि बिष्ट को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बल्लेबाज चुना गया।
- बेस्ट बॉलर का पुरस्कार प्रीतम सिंह को मिला।
- बेस्ट फील्डर का खिताब पंकज रावत (Pahadi Avengers) को दिया गया।
विशेष रूप से, Ceat Tyres की श्रीमती सुलोचना कपिल द्वारा खिलाड़ियों को भारतीय क्रिकेटर के हस्ताक्षरित बल्ले भेंट किए गए।
महिला वर्ग: नंदा देवी XI ने रचा इतिहास
इस सीजन में पहली बार महिला क्रिकेट फाइनल का आयोजन किया गया, जिसमें Nanda Devi XI, Airoli और Gad Kumaon Parvatiya Samaj XI के बीच मुकाबला खेला गया। Nanda Devi XI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवरों में 67 रन बनाए और शानदार प्रदर्शन के साथ खिताब अपने नाम किया। चेतना बिष्ट को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विमेन ऑफ द सीरीज चुना गया।
सेलिब्रिटी चैरिटी मैच बना आकर्षण का केंद्र
समापन समारोह में PPS XI और Burans XI के बीच खेले गए चैरिटी मैच में Burans XI ने जीत दर्ज की। यह मैच सामाजिक उद्देश्य के लिए आयोजित किया गया था, जिसकी आय शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की सहायता हेतु पहाड़ी प्रवासी समाज के माध्यम से उपयोग की जाएगी।
मुख्य अतिथि की उपस्थिति
कार्यक्रम में नवी मुंबई की महापौर सुश्री सुजाता सूरज पाटिल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने विजेता टीमों को सम्मानित करते हुए आयोजकों और खिलाड़ियों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए प्रेरित किया।
अंत में बुरांश यूथ यूनाइटेड ने सभी प्रायोजकों — गामी ग्रुप, ट्राइडेंट लॉजिस्टिक्स, द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी, पहाड़ी प्रवासी समाज, CEAT Tyres, शक्ति फाउंडेशन, अनमोल बिल्डर्स और प्यारी पहाड़न — सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



