श्रीनगर गढ़वाल: रैमासी लोक साहित्य मंच श्रीनगर द्वारा क्षेत्र में साहित्यिक एवं सामाजिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाते हुए आगामी 3 मई को एक भव्य पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मंच के सचिव डा. सुबोध हटवाल ने बताया कि इस अवसर पर साहित्यकार राकेश मोहन कण्डारी के गढ़वाली काव्य संग्रह ‘इन्कलाब आणु चा’ का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं पत्रकारों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिससे समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहन मिल सके।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात रंगकर्मी डा. डी.आर. पुरोहित करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भण्डारी उपस्थित रहेंगी, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत एवं पौड़ी ब्लाक प्रमुख अस्मिता नेगी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान हेमवती नन्दन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर के लोककला एवं निष्पादन केंद्र के निदेशक गणेश खुगशाल ‘गणी’ एवं ओम प्रकाश सेमवाल द्वारा साहित्यिक विचार-विमर्श भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं पत्रकार भी कार्यक्रम में भाग लेकर आयोजन को गरिमामयी बनाएंगे।

रैमासी लोक साहित्य मंच के इस आयोजन को क्षेत्र में गढ़वाली भाषा एवं साहित्य के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।