maa bhuvaneshwari ki doli haridwar ke liye ravana

पौड़ी गढ़वाल: आदिशक्ति माँ भुवनेश्वरी मंदिर सांगुड़ा देवी की चल मूर्ति प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गंगा स्नान एवं दर्शन के लिए हरिद्वार रवाना हुई। आदिशक्ति माँ भुवनेश्वरी मंदिर पूजा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

यात्रा के दौरान क्षेत्र जयकारों, ढोल-नगाड़ों, घंटियों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। माँ की डोली ने अर्धमार्गीय पड़ावों सतपुली, गुमखाल और कोटद्वार में भक्तों को दर्शन दिए, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा एवं पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य नागेंद्र मोहन सैलवाल ने बताया कि यह यात्रा प्रतिवर्ष माँ के गंगा स्नान एवं दर्शन हेतु हरिद्वार जाती है। उन्होंने जानकारी दी कि 30 मई 2026 को प्रातः 7 बजे हरकी पैड़ी, हरिद्वार में माँ भुवनेश्वरी का गंगा स्नान एवं विशेष पूजन संपन्न होगा।

उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य माँ की महिमा का प्रचार-प्रसार जन-जन तक पहुंचाना तथा सनातन धर्म की अलख जगाना है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह नेगी ने बताया कि पूजा सेवा समिति धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ जनकल्याण के कार्यों में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है।

इस अवसर पर मनोज नैथानी, सुबोध नेगी, दिग्विजय रावत, कैलाश थलेड़ी, सोहन सिंह नेगी, भारत सिंह रावत, गौरव पसबोला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।