पौड़ी गढ़वाल: राजकीय इण्टर कॉलेज, कीर्तिखाल में चतुर्थ वार्षिक उत्सव एवं विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘कीर्तिसुधा’ के चतुर्थ संस्करण का विमोचन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी द्वारीखाल डॉ. सुरेन्द्र सिंह नेगी रहे। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में वार्षिकोत्सव एवं पत्रिका प्रकाशन विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, प्रधानाचार्य, विशिष्ट अतिथियों एवं पूर्व प्रधानाचार्या अंजू द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

समारोह में पूर्व प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष सतपुली जितेन्द्र सिंह चौहान, राजकीय शिक्षक संघ के मण्डलीय मंत्री मनमोहन चौहान, जनपद उपाध्यक्ष पूरन नेगी, राइका पालीलंगूर के पूर्व प्रधानाचार्य नागेन्द्र चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता भारत सिंह रावत एवं पूर्व शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल डोबरियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा रा.प्रा.वि. कोटलमंडा के नन्हे बच्चों द्वारा गढ़वाली लोक संस्कृति सहित विभिन्न राज्यों की लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र बनाया। स्थानीय अभिभावक ऊषा रावत ने भी गढ़वाली कविता पाठ कर सराहना प्राप्त की।

पूर्व प्रधानाचार्या अंजू ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अतिथियों द्वारा विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘कीर्तिसुधा’ का विमोचन किया गया। पत्रिका के संपादक प्रदीप सिंह नेगी रहे।

प्रधानाचार्य राकेश सिंह नेगी ने कहा कि वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा ‘कीर्तिसुधा’ के जरिए छात्र-छात्राओं की सृजनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन विद्यालय के प्रवक्ता इन्द्रपाल, छात्र अंकुश द्वारा अंग्रेजी में तथा छात्राओं कामिनी एवं दीपाली द्वारा हिंदी में किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने राजकीय विद्यालयों में घटती छात्र संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराने की अपील की।

इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष अनिल सिंह रावत, एसएमसी अध्यक्षा नीलम देवी, विभिन्न ग्राम सभाओं के जनप्रतिनिधि, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य राकेश सिंह नेगी ने की।