Srinagar Woman defrauded 9.38 lakh cyber scam in Name Of work from home job accused arrested from Rajasthan

श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर गढ़वाल में एक ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है. ऑनलाइन “वर्क फ्रॉम होम” के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देकर एक महिला से ₹9.38 लाख की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को पौड़ी पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार खाण्ड्यूसैंण भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, श्रीनगर निवासी एक महिला ने 13 जून 2025 को कोतवाली श्रीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 6 मई 2025 को उनके व्हाट्सएप पर “वर्क फ्रॉम होम” से ऑनलाइन कमाई का एक मेसेज प्राप्त हुआ। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर विभिन्न ऑनलाइन टास्क दिए गए और निवेश करने पर करीब 30 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ का झांसा दिया गया।

शुरुआत में कुछ टास्क पूरे करने पर उन्हें धनराशि भी मिली, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। बाद में अधिक लाभ का लालच देकर उनसे अलग-अलग चरणों में कुल ₹9,38,800 की धन राशि निवेश कराई गई, लेकिन धन वापस नहीं मिला। खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा संख्या 39/2025, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रकरण के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर गहन जांच की।

जांच के दौरान बूंदी (राजस्थान) के थाना तालेड़ा क्षेत्र स्थित सीतापुर निवासी आयुष मेहरा की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने 1 जुलाई 2026 को राजस्थान पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए जिला कारागार खाण्ड्यूसैंण भेज दिया है।

पुलिस की अपील: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि “वर्क फ्रॉम होम”, ऑनलाइन निवेश, टास्क आधारित कमाई या अधिक लाभ के किसी भी आकर्षक प्रस्ताव पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में दें।