Meritorious students and youths selected for the Army were felicitated

लोनी (गाजियाबाद), संवाददाता: उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति, राम पार्क विस्तार, लोनी द्वारा रविवार को खानपुर मोड़ स्थित आशीष फार्म हाउस में “मेधावी छात्र उत्कृष्ट पुरस्कार सम्मान समारोह-2026” का आयोजन किया गया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों, भारतीय सेना में चयनित युवाओं तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट सहित समाज की विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विनोद बछेती ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और संस्कारों की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवन, समय का सदुपयोग एवं कठिन परिश्रम के माध्यम से अपने लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों, भारतीय सेना में चयनित तीन युवाओं तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक जोशी को सम्मानित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सलाहकार दिनेश पटवाल ने की। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी शिक्षित एवं संस्कारित युवा पीढ़ी से होती है। प्रतिभाओं का सम्मान युवाओं में सकारात्मक सोच और नई ऊर्जा का संचार करता है।

ज्योति विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल की प्रबंधक अनीता नेगी ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्व बताया तथा अभिभावकों से बच्चों को सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। 12वीं की छात्रा सिमरन गौसाई, जिन्होंने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, ने अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास एवं निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया।

चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक जोशी ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन की यात्रा साझा करते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, धैर्य और कठिन परिश्रम ही सफलता का वास्तविक मार्ग है।

भारतीय सेना में चयनित तीन युवाओं का भी विशेष सम्मान किया गया। वक्ताओं ने इसे समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए युवाओं से राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया। समिति ने सम्मानित विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन समिति के वरिष्ठ सलाहकार देवेन्द्र सिंह नेगी एवं महासचिव यशपाल सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से किया। समारोह की सफलता में समिति के उपाध्यक्ष मोहन सिंह मनराल, वरिष्ठ सलाहकार मोहन सिंह बिष्ट, सचिव राजेन्द्र सिंह रावत, प्रचार सचिव नीरज चौधरी, मीडिया प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष आनंद सिंह रावत, सह-कोषाध्यक्ष संतोष चौहान, कार्यकारिणी सदस्य सुरेन्द्र सिंह रावत, एफ-ब्लॉक उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह गौसाई, प्रदीप गौसाई, सलाहकार महेन्द्र सिंह गौसाई, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष संगीता भट्ट, समाजसेवी मंजू उनियाल सहित समिति के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों का विशेष योगदान रहा।

 

समारोह के अंत में समिति के अध्यक्ष जयेंद्र नेगी ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति भविष्य में भी शिक्षा, प्रतिभा सम्मान, समाज सेवा एवं उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।