देहरादून। उत्तराखण्ड लोक समाज द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान-2026’ के लिए इस वर्ष अरुणाचल प्रदेश के प्रख्यात रंगकर्मी, अभिनेता, नाटककार एवं हिन्दी के शिक्षक ताई तुगुंग का चयन किया गया है। यह सम्मान समारोह लोकगायक गढ़रत्न नरेन्द्र सिंह नेगी के जन्मदिवस के अवसर पर 12 अगस्त 2026 को देहरादून स्थित सोशल बलूनी स्कूल के प्रेक्षागृह में आयोजित होगा।

उत्तराखण्ड लोक समाज के समन्वयक बिपिन बलूनी ने बताया कि यह सम्मान हिमालयी राज्यों में सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं लोककला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्व को प्रदान किया जाता है। सम्मान के तहत ₹2.51 लाख की सम्मान राशि, प्रशस्ति-पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट किए जाएंगे।

इस वर्ष नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान से सम्मानित होने वाले ताई तुगुंग अरुणाचल प्रदेश की न्यीशी भाषा के प्रसिद्ध अभिनेता, रंगकर्मी, नाटककार और हिन्दी के सहायक आचार्य हैं। वे ईस्ट कामेंग स्थित शासकीय महाविद्यालय में हिन्दी का अध्यापन करते हैं तथा न्यीशी, हिन्दी, असमिया और अंग्रेजी भाषाओं के जानकार हैं। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश की लोक रंगमंच परंपरा और स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

तुगुंग को अरुणाचल प्रदेश के प्रथम नाटककारों में गिना जाता है। वे पिछले दो दशकों से रंगमंच से जुड़े हैं और ‘द केरेटर्स’ नाट्य संस्था के संस्थापक हैं। उन्होंने भीष्म साहनी के कबिरा खड़ा बाजार में, हबीब तनवीर के चरनदास चोर, प्रभाकर श्रोत्रिय के सांच कहूं तो, द माइजर तथा अपने स्वयं के लिखे नाटकों दोत्री यायी चुमजी और लप्या में यादगार भूमिकाएं निभाई हैं।

फिल्मों की बात करें तो उन्होंने डॉक्टर आबो, ईटानगर जीरो किलोमीटर, द केच, द किल्ड माई सन, भेड़िया और संगी माई जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। उनकी फिल्म संगी माई का प्रदर्शन कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी हो चुका है। दूरदर्शन धारावाहिक कड़ियां में भी उन्होंने प्रमुख भूमिका निभाई थी।

उत्तराखण्ड लोक समाज द्वारा दिया जाने वाले नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान का यह तीसरा संस्करण है। पहले वर्ष यह सम्मान स्वयं नरेन्द्र सिंह नेगी को तथा दूसरे संस्करण में हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकार संतराम हरनोट को हिमालयी सरोकारों पर उनके उत्कृष्ट लेखन के लिए प्रदान किया गया था। इस वर्ष यह सम्मान अरुणाचल प्रदेश में  विभिन्न सम्मानों से सम्मानित और आंचलिक सिनेमा के पहले सुपरस्टार की ख्याति प्राप्त ताई तुगुंग को प्रदान किया जाएगा।

सम्मान समारोह के दौरान नरेन्द्र सिंह नेगी के गीतों के अंग्रेजी अनुवाद पर आधारित पुस्तक “Mountain Melodies of Narendra Singh Negi” का भी लोकार्पण किया जाएगा। इस पुस्तक का अंग्रेजी अनुवाद उत्कर्ष भट्ट ने किया है।