बीरोंखाल: विकासखंड बीरोंखाल के कांडा मल्ला में वीरबाला तीलू रौतेली की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों तथा महिला मंगल दल की महिलाओं ने वीरबाला तीलू रौतेली के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान महिला मंगल दल की महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत “तीलू धकी धै” की प्रस्तुति देकर वीरबाला तीलू रौतेली की वीरगाथा का सजीव चित्रण किया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। वक्ताओं ने तीलू रौतेली के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अनूप पटवाल ने कहा कि वीरबाला तीलू रौतेली की वीरगाथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने तीलू रौतेली की स्मृति और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कांडा मल्ला में प्रशासनिक मेले के आयोजन की मांग की।
उन्होंने टकौलीखाल से कांडा तक “तीलू विजय पथ” विकसित किए जाने पर भी जोर देते हुए कहा कि तीलू रौतेली से जुड़े इस ऐतिहासिक क्षेत्र को उनकी वीरगाथा के अनुरूप पर्यटन एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विकसित किया जाना चाहिए। इससे क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान मजबूत होगी, साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और पर्यटन की नई संभावनाएं भी विकसित होंगी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामीणों, महिला मंगल दल की महिलाओं तथा अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया। सभी ने वीरबाला तीलू रौतेली के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा उनकी वीरगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



