Home उत्तराखण्ड फार्मासिस्ट एसोसिएशन कीर्तिनगर ने विधायक विनोद कंडारी को सौंपा पांच सूत्रीय मांगपत्र

फार्मासिस्ट एसोसिएशन कीर्तिनगर ने विधायक विनोद कंडारी को सौंपा पांच सूत्रीय मांगपत्र

कीर्तिनगर: डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन, उत्तराखंड की ब्लॉक इकाई कीर्तिनगर के प्रतिनिधिमंडल ने अपने क्षेत्र देवप्रयाग विधानसभा के विधायक विनोद कंडारी से मुलाकात कर फार्मासिस्टों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बौंठियाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती सुषमा मैठाणी, पूर्व कोषाध्यक्ष बलदेव असवाल तथा श्रीमती सुनीता पुंडीर शामिल रहीं।

एसोसिएशन द्वारा विधायक को सौंपे गए ज्ञापन में प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत फार्मेसी अधिकारियों की प्रमुख समस्याओं के निराकरण के लिए सहयोग की मांग की गई। एसोसिएशन का कहना है कि मांगों को विभागीय स्तर पर लगातार उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से फार्मेसी अधिकारियों में निराशा है।

ये हैं एसोसिएशन की पांच प्रमुख मांगें

  1. 10 वर्ष की सेवा पर प्रथम पदोन्नति वेतनमान: वर्ष 2009 एवं उसके बाद नियुक्त फार्मेसी अधिकारियों को एमएसीपी-2017 की विसंगतियों को दूर करते हुए 10 वर्ष की सेवा पर प्रथम पदोन्नत पद (मुख्य फार्मेसी अधिकारी) के वेतनमान का लाभ देने तथा नॉन-फंक्शनल वेतनमान की गणना पूर्व की भांति करने की मांग की गई है।
  2. स्वास्थ्य उपकेंद्रों के 391 पदों को पुनर्जीवित करना: पर्वतीय ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए वर्ष 2005-06 में सृजित 536 पदों में से स्थगित किए गए 391 पदों को कैबिनेट से स्वीकृति दिलाकर पुनः बहाल एवं क्रियाशील करने की मांग की गई है।
  3. फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन-2015 लागू करना: पीसीआई द्वारा जारी फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन-2015 के संबंध में शासनादेश जारी कर अस्पतालों में रोगी काउंसलिंग कक्षों का निर्माण कराने की मांग रखी गई है।
  4. विषम परिस्थितियों में औषधि वितरण के लिए अधिकृत करना: ओडिशा एवं असम की तर्ज पर चिकित्सक की अनुपस्थिति अथवा आपदा एवं चारधाम यात्रा ड्यूटी के दौरान सूचीबद्ध रोगों के लिए सूचीबद्ध औषधियां वितरित करने हेतु फार्मेसी अधिकारियों को अधिकृत किए जाने की मांग की गई है।
  5. चारधाम यात्रा ड्यूटी के लंबित देयकों का भुगतान: चारधाम यात्रा एवं अन्य मेला-यात्रा ड्यूटी में तैनात फार्मेसी अधिकारियों के लंबित यात्रा देयकों का शीघ्र भुगतान करने, उचित आवास एवं भोजन व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा प्रोत्साहन भत्ते की दरों की समीक्षा करने की मांग की गई है।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक विनोद कंडारी से इन मांगों को शासन स्तर पर उठाकर उनके निराकरण में सहयोग करने का अनुरोध किया। विधायक विनोद कंडारी ने एसोसिएशन को मांगों के संबंध में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि विधायक के सहयोग से फार्मेसी अधिकारियों की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई होगी।