नई दिल्ली: गढ़वाल हितैषिणी सभा द्वारा रविवार को गढ़वाल भवन, नई दिल्ली में आयोजित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली प्रतिभावान छात्र सम्मान समारोह 2026 में उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग निवासी लेफ्टिनेंट श्वेता सजवाण को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
व्यस्तता के कारण लेफ्टिनेंट श्वेता सजवाण स्वयं समारोह में उपस्थित नहीं हो सकीं। उनकी ओर से उनकी माता श्रीमती उषा सजवाण और पिता देवेंद्र सिंह सजवाण ने सम्मान ग्रहण किया। देवेंद्र सिंह सजवाण गढ़वाल भवन की कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं।
समारोह में समाजसेवी महावीर राणा सहित गढ़वाल हितैषिणी सभा के आजीवन सदस्य, कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं महिला कार्यकारिणी की सदस्य मौजूद रहीं। इस अवसर पर निर्मल कोटनाला, रेनु उनियाल, सीमा गुसाईं, देवेंद्र जोशी सहित अन्य सदस्यों एवं समाज के लोगों ने लेफ्टिनेंट श्वेता सजवाण की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने कहा कि लेफ्टिनेंट श्वेता सजवाण की सफलता उत्तराखंड की बेटियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से परिवार एवं समाज का गौरव बढ़ाया है। उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बेटियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य युवतियों को भी शिक्षा, सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
गढ़वाल हितैषिणी सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने से युवाओं में आगे बढ़ने का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ता है। ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का समापन शुभकामनाओं एवं आभार के साथ हुआ।













