राष्ट्रीय हरेला महोत्सव के उपलक्ष्य में अमर संदेश समाचार पत्र ने किया आयोजन, उत्तराखंड की संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण पर हुआ मंथन
नई दिल्ली: राष्ट्रीय हरेला महोत्सव के उपलक्ष्य में अमर संदेश समाचार पत्र की ओर से रविवार को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में पर्यावरण संरक्षण विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के राजनीतिक, सामाजिक, साहित्यिक, कला एवं पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में दिल्ली भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती, दिल्ली हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय दरमोड़ा, कांग्रेस नेता हरपाल रावत तथा मैक्स अस्पताल, दिल्ली के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. … उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण पर जोर
विचार गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने उत्तराखंड के प्रमुख लोकपर्व हरेला की सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति उत्तराखंड की गहरी आस्था और पर्यावरण संरक्षण की भावना का प्रतीक है।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर पौधरोपण करना बेहद आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए समाज के सभी वर्गों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में हरेला महोत्सव के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण पर विचार गोष्ठी आयोजित करने के लिए अमर संदेश समाचार पत्र के संपादक अमर चंद का आभार व्यक्त किया।
घुगुती फाउंडेशन की नृत्य प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान कोमल राणा नेगी के नेतृत्व में घुगुती फाउंडेशन की ओर से मनमोहक सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुति दी गई। उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने वाली इस नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पत्रकारों और समाजसेवियों को ‘पर्यावरण गौरव सम्मान 2026’
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकारों और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारों एवं समाजसेवियों को ‘पर्यावरण गौरव सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने अपने हाथों से सम्मान प्रदान कर सम्मानित व्यक्तियों का उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, दिल्ली भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती, दिल्ली हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय दरमोड़ा, कांग्रेस नेता हरपाल रावत एवं मैक्स अस्पताल दिल्ली के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. … सहित वरिष्ठ समाजसेवी हरीश असवाल, अनिल पंत, प्रताप थलवाल, उदय ममगाईं, सुभाष गुसाईं, जगमोहन बिष्ट, दिगपाल कैंतुरा, पत्रकार द्वारका चमोली, दीप सिलोड़ी, राजेश दंडरियाल, डीएस नेगी, हरीश रावत, विनोद मनकोटी, रूप सिंह गुसाईं, ओंकार कोली, ग्रामीण पत्रकार जगमोहन डांगी, मायाराम बहुगुणा, सत्येन्द्र नेगी, डॉ. कुसुम भट्ट, रजनी जोशी, कुम्मु जोशी भटनागर, भारती नेगी, विजय लक्ष्मी नौटियाल, संगीता बिष्ट, कोमल राणा नेगी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक पौधरोपण करने का संदेश दिया गया। साथ ही पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित कर उनके कार्यों को प्रोत्साहित किया गया।













