Home उत्तराखण्ड पोषण माह के समापन पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान, आधुनिक सुविधायुक्त 30...

पोषण माह के समापन पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान, आधुनिक सुविधायुक्त 30 आंगनबाड़ी केंद्रों के ‘आंगन मिलन’ अभियान का शुभारंभ

Anganwadi workers f

पौड़ी: विकासखंड कल्जीखाल के बाल विकास विभाग सभागार में बुधवार को नौवें पोषण माह का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। साथ ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त 30 आंगनबाड़ी केंद्रों के ‘आंगन मिलन’ अभियान का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने किया।

ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने पोषण माह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि अभियान के माध्यम से महिलाओं और बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही पोषण संबंधी संदेश जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया गया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। निहारिका धारकोट और मंजू भट्ट ओलना ने संयुक्त रूप से प्रथम, रेखा नेगी नौली-बूंगा ने द्वितीय तथा कविता देवी अनेथ और सुनीता देवी बिलखेत ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। झटकंडी की मुन्नी देवी, तंगोली की ज्योति देवी और महड़ की रेखा बिष्ट को सांत्वना पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

सीडीपीओ सुषमा रावत ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में पिछले वर्ष शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट बचपन’ के तहत कई आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया गया है। इस अवसर पर गुठिडा की आराधना देवी, पुल्यास्यू की सुनीता देवी, डूंगरा की पूर्णिया देवी, गिद्रदासु की सोनी देवी, डांग की ऊषा देवी, दिऊसा की सुधा थपलियाल, असगढ़ की सुशीला देवी, घंडियाल की सरिता देवी और देवल की दमयंती देवी सहित अन्य कार्यकत्रियों को भी सम्मानित किया गया।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं पीएलवी जगमोहन डांगी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से संवाद कर पोषण एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकत्रियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों का स्वाद लेकर उनकी सराहना की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में उन्होंने घरेलू हिंसा या अन्य प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं के संरक्षण के लिए संचालित वन स्टॉप सेंटर और निशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया।

कार्यक्रम में सुपरवाइजर माया राणा, सामाजिक कार्यकर्ता उदय सिंह राणा, कनिष्ठ सहायक महाराज सिंह, ब्लॉक समन्वयक भारतीय पटवाल, गोपाल कुमार आदि मौजूद रहे।

जगमोहन डांगी