Home उत्तराखण्ड मुख्यमंत्री धामी ने माउंट मुकुट ईस्ट विजय अभियान दल का किया फ्लैग-इन

मुख्यमंत्री धामी ने माउंट मुकुट ईस्ट विजय अभियान दल का किया फ्लैग-इन

Mount Mukut East expedition team

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में भारतीय तटरक्षक बल एवं हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण अभियान दल का फ्लैग-इन कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभियान दल को ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके साहस, समर्पण और टीम भावना की सराहना की।

7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट पर सफल आरोहण

एचएमआई के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में संयुक्त पर्वतारोहण दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराकर नया इतिहास रचा। यह भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी पर्वत चोटी का पहला सफल अभियान है।

देश और उत्तराखण्ड के लिए गौरव का क्षण

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिमालय की कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मिली यह सफलता पर्वतारोहियों के अदम्य साहस, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट टीम भावना का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल भारतीय तटरक्षक बल ही नहीं, बल्कि पूरे देश और उत्तराखण्ड के लिए गर्व का विषय है।

25वें राज्य स्थापना वर्ष को समर्पित रहा अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान को उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित किया गया है। अभियान दल द्वारा माउंट मुकुट ईस्ट की चोटी पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखण्ड ध्वज फहराया जाना प्रदेश के गौरव और हिमालय से उसके गहरे संबंध का प्रतीक है।

एवरेस्ट अभियान की तैयारी में मिलेगा अनुभव

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हिमालय की ऊंचाइयों पर इस तरह की सफलता जवानों के उत्कृष्ट प्रशिक्षण और साहसिक क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस अभियान से प्राप्त अनुभव वर्ष 2027 में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

स्वर्ण जयंती वर्ष की तैयारी का हिस्सा

एचएमआई, दार्जिलिंग के प्राचार्य एवं अभियान दल के नेता कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण करेगा। स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत यह पर्वतारोहण अभियान आयोजित किया गया है। अभियान के लिए पर्वतारोहियों के चयन एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग को सौंपी गई है।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल, उप महानिरीक्षक डी.एस. चौहान, कमांडेंट अमित उनियाल, कमांडेंट विश्वजीत सिंह, एचएमआई के पासांग तेनजिंग शेरपा सहित अभियान दल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।