Home उत्तराखण्ड सशक्त पंचायतें ही समृद्ध उत्तराखंड की पहचान: हेमंत द्विवेदी

सशक्त पंचायतें ही समृद्ध उत्तराखंड की पहचान: हेमंत द्विवेदी

ब्लाक कल्जीखाल पौड़ी में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों के एक  दिवसीय प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हुए शामिल

पौड़ी गढ़वाल, 10 अक्टूबर: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जिला पौड़ी (गढ़वाल) के कल्जीखाल ब्लाक में आयोजित एक दिवसीय त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा जन -जन तक विकास योजनाओं को पहुंचाया गया है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को ग्रामीण विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करते हुए सशक्त पंचायतों के माध्यम से समृद्ध गांव और विकसित उत्तराखंड के निर्माण का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने कहा हेमंत द्विवेदी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पंचायती राज व्यवस्था के अंतर्गत पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों, कर्तव्यों एवं दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

भाजपा नेता हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सशक्त पंचायतें ही सशक्त गांवों की आधारशिला हैं। पंचायत प्रतिनिधियों का सशक्तिकरण, जनभागीदारी और पारदर्शी व्यवस्था ग्रामीण विकास को नयी गति प्रदान करने के प्रमुख माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों, बेहतर समन्वय और जनहित को प्राथमिकता देकर गांवों को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से आत्मनिर्भर गांव और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में ज्येष्ठ प्रमुख संजय पटवाल ने भी केंद्र और राज्य द्वारा संचालित  जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वही कनिष्ठ प्रमुख दीपक असवाल ने कहा कि योजनाएं तो जरूर बन रही है। लेकिन जरूरतमंद लोगों की पहुंच से दूर है।जिला पंचायत सदस्य गढ़कोट सविता देवी ने भी राज्य मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य मंत्री का आगमन और प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले जनप्रतिनिधियों को सूचना नहीं दी गई।उन्होंने कहा उन्हें एक दिवसीय प्रशिक्षण की सूचना जिला पंचायत अध्यक्ष के माध्यम प्राप्त हुई है।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकरणी सदस्य भारत भूषण नेगी, मंडल महामंत्री नरेंद्र सिंह पटवाल, विधायक प्रतिनिधि बीरेंद्र बिष्ट, ग्राम प्रधान सिरों मीना धस्माना, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, एडीओ पंचायत अरुण रावत के अलावा कल्जीखाल ब्लॉक के पंचायत जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।