यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल: राजकीय इंटर कॉलेज मोहनचट्टी की चार होनहार छात्राओं का राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र में खुशी की लहर है। चयनित छात्राएं अब उत्तरकाशी जनपद के पुरोला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
चयनित छात्राओं में स्मृति नेगी, आयुषी बिष्ट, खुशी नेगी और अंशिका बिष्ट शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी 12 अक्टूबर 2026 को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पुरोला रवाना हो गई हैं। राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 13 से 15 अक्टूबर 2026 तक उत्तरकाशी जनपद के पुरोला में किया जाएगा।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक शैलेन्द्र सिंह पटवाल ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी लगातार मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का यह परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जनपद पौड़ी गढ़वाल का नाम रोशन करेंगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश डबराल तथा शिक्षक अभिभावक संघ के अध्यक्ष विनोद जुगलान ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और इस उपलब्धि से अन्य छात्राओं को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी।
विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों से आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए उनकी सफलता की कामना की।

















