Home उत्तराखण्ड प्रो. आरके मैखुरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया गढ़वाल विश्वविद्यालय का मान,...

प्रो. आरके मैखुरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया गढ़वाल विश्वविद्यालय का मान, लगातार आठवीं बार दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में शामिल

श्रीनगर गढ़वाल: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. आरके मैखुरी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। अमेरिका के स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा जारी वर्ष 2026 के विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों (Top 2% Scientists) की प्रतिष्ठित सूची में उन्हें स्थान मिला है। उल्लेखनीय है कि प्रो. मैखुरी ने लगातार आठवीं बार इस वैश्विक सूची में स्थान बनाकर अपनी उत्कृष्ट शोध क्षमता और वैज्ञानिक योगदान का प्रमाण दिया है।

प्रो. मैखुरी पिछले चार दशकों से अधिक समय से हिंदुकुश-हिमालयी क्षेत्र में जैव विविधता संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन, पारंपरिक ज्ञान, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पारिस्थितिकी तंत्र के पुनर्स्थापन तथा समुदाय आधारित आजीविका संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निरंतर शोध कार्य कर रहे हैं। उनके शोध कार्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना मिली है।

पर्यावरण संरक्षण एवं हिमालयी पारिस्थितिकी से जुड़े उनके अध्ययन न केवल वैज्ञानिक समुदाय के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यावरणीय चुनौतियों को समझने और उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करने में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुए हैं।

प्रो. आरके मैखुरी की यह उपलब्धि हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। साथ ही यह शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में कार्यरत विद्यार्थियों, शोधार्थियों और युवा वैज्ञानिकों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण भी है। विश्वविद्यालय परिवार ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।