पौड़ी: जनपद पौड़ी गढ़वाल में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में गुलदार और भालू के हमलों में एक महिला और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है।
पहली घटना एकेश्वर विकासखंड के ईड़ा मल्ला गांव में हुई, जहां शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे खेत में कृषि कार्य कर रही लीला देवी (55), पत्नी बलदेव सिंह पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। बताया गया कि वह घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में काम कर रही थीं, तभी झाड़ियों से निकले गुलदार ने उन पर हमला बोल दिया। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। घायल महिला को तत्काल सतपुली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की पुष्टि नायब तहसीलदार जाहिद हुसैन ने की है।
पैठाणी रेंज में भालू का हमला:
दूसरी घटना गढ़वाल वन प्रभाग की पैठाणी रेंज में सामने आई। यहां बलवीर सिंह (43) सुबह अपनी गौशाला की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आईं तथा नाखूनों से गहरे घाव हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में काम करना, पशुओं की देखभाल करना और दैनिक कार्यों के लिए घर से बाहर निकलना भी अब जोखिम भरा होता जा रहा है। उन्होंने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, जंगली जानवरों की निगरानी करने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

















