Home उत्तराखण्ड Chardham Yatra 2023: उखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई बाबा...

Chardham Yatra 2023: उखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई बाबा केदार की डोली

Baba Kedar doli Ukhimath to Kedarnath Dham

Chardham Yatra 2023: ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग बाबा केदारनाथ की उत्सव डोली गद्दी स्थल उखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गई है। उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में परंपरानुसार पूजा-अर्चना के बाद डोली ने पहले रात्रि पड़ाव विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी के लिए प्रस्थान कर लिया है।

पूजा-अर्चना के बाद डोली के साथ बड़ी संख्या में भक्तों की मौजूदगी में पैदल यात्रा के लिए प्रस्थान किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उत्सव डोली 22 अप्रैल को फाटा, 23 को गौरीकुंड तथा 24 अप्रैल, 2023 को श्री केदारनाथ धाम पहुंचेगी। 25 अप्रैल, 2023 को प्रातः 6 बजकर 20 मिनट पर बाबा केदार के कपाट भक्तों के लिए दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।

22 अप्रैल यानी शनिवार से गंगोत्री यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी। जबकि तीन दिन बाद 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम व 27 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुल जाएंगे। इस अवसर पर केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

केदारनाथ धाम में गुरूवार को भी पूरे दिन बर्फबारी होती रही, जिससे केदारनाथ धाम समेत लिनचोली से केदारनाथ धाम तक लगभग पांच किमी पैदल मार्ग पर दो फीट से अधिक बर्फ जम गई है। जिससे घोड़ा खच्चरों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

वहीं मौसम खराब होने व भारी वर्फबारी होने के कारण पुर्ननिर्माण कार्यों एवं व्यवस्थाओं को दुरस्त करने में व्यवधान हो रहा है। इसके बावजूद श्रमिकों द्वारा विषम कठिन परिस्थितियों में भी भारी बर्फबारी में कार्य किया जा रहा है।