ग्रेटर नोएडा, 26 अगस्त: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में 27 से 29 अगस्त तक आयोजित होने वाली सीआईएससीई (CISCE) राष्ट्रीय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व बुधवार को विद्यालय परिसर में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े हिंदी एवं अंग्रेजी समाचार पत्रों तथा समाचार चैनलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के लगभग सभी राज्यों से करीब 540 खिलाड़ी तथा उनके साथ लगभग 90 प्रशिक्षक भाग लेने आ रहे हैं। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 27 अगस्त से 29 अगस्त तक चलेगी, जिसका शुभारंभ गुरुवार प्रातः 8 बजे किया जाएगा।
विद्यालय की ओर से खेल विभागाध्यक्ष श्री मनीष तिवारी, मीडिया प्रभारी श्रीमती हेमलता शर्मा तथा श्री वेद प्रकाश सारस्वत ने पत्रकारों के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने मीडिया से देश में उभर रही खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग करने की अपील भी की।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी श्री अमित डागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं समापन समारोह में एशिया की सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय महिला बास्केटबॉल खिलाड़ी सुश्री पूनम चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करेंगी।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं तथा खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अतिथियों के ठहरने, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच मिलेगा।













