नई दिल्ली: दिल्ली की सामाजिक संस्था गढ़वाल भ्रातृ संघ अपनी सथापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आगामी रविवार 24 दिसंबर को कालकाजी, नई दिल्ली में भव्य स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन करने जा रही है। संस्था के अध्यक्ष प्रेम सिंह रावत ने बताया कि गढ़वाल भ्रातृ संघ संस्था की स्थापना 19 दिसम्बर 1971 को कालकाजी दिल्ली में हुई थी। एक गैर राजनीतिक सोच के तहत बनी इस संस्था ने अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने और गरीब बच्चों को शिक्षित करने के विचार के साथ गढ़वाल भ्रातृ संघ के संचालन में आदर्श शिक्षा शिशु निकेतन स्कूल की स्थापना की जो इंग्लिश मिडियम शिक्षा में आज मान्यता प्राप्त स्कूल के रूप में पिछले 50 वर्षो से अपनी अच्छी पहचान स्थापित कर चुकी है। आज संस्था अपनी स्थापना के 50 सफलतम वर्ष पूरे कर चुकी है।

इसी उपलक्ष्य में संस्था द्वारा आगामी रविवार 24 दिसंबर को लेबर कोर्ट गिरी नगर, कालकाजी, नई दिल्ली में एक भव्य उत्तराखंडी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत होंगे।

रविवार दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक चले वाले रंगारंग सांस्कृतिक संध्या में गुलाबी शरारा फेम उत्तराखंड के सुपर हिट लोक गायक इंदर आर्य, लोक गायक मुकेश कठैत, गोपाल मठपाल, सतेन्द्र पेरिडिंया, लोक गायिका मीना राणा, लीला बिष्ट, प्रीति मठपाल आदि पहाड़ के लोक कलाकार अपने लोकगीतों की छटा बिखेरेंगे।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष प्रेम सिंह रावत, महासचिव विनोद द्विवेदी, चंद्र कांत नेगी तथा सांस्कृतिक सचिव मनोज द्विवेदी मौजूद थे।