कांसखेत के धनपुर धार स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की मूर्ति को संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग द्वारा अभी तक दुरुस्त न करने पर पूर्व सैनिकों ने नाराजगी जताई है। धनपुरधार पहुंच वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की खंडित मूर्ति को देख पूर्व सैनिक संगठन के सचिव राजेंद्र सिंह राणा, सूबेदार कल्याण सिंह रावत, कैप्टन सुरेंद्र सिंह रावत, सूबेदार ओमप्रकाश काला, पूर्व सैनिक राकेश रावत व संजय रावत ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को भारतीय इतिहास में पेशावर कांड के नायक के रूप में याद किया जाता है।
भारत सरकार द्वारा 1994 में उनके सम्मान में एक डाक टिकट भी जारी किया गया। सरकारी योजनाओं के नाम तथा कई सड़कों के नाम भी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली नाम पर रखे गए। उस पर धनपुरधार में शरारती तत्वों द्वारा उनकी मूर्ति को खंडित किया जाना तथा उस पर संबंधित विभाग द्वारा अभी तक खंडित मूर्ति को दुरुस्त न किया जाना चिंता व शर्म का विषय है।
मौजूद पूर्व सैनिकों ने जल्द वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की मूर्ति को दुरुस्त करने सहित उसकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की प्रशासन से मांग की है। क्षेत्र के समाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने बताया कि आज उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है। जिसमें में कहा गया है कि यदि 31 अक्टूबर तक प्रतिमा का मरम्मत नही होगी तो वह स्वय भी और जिला पंचायत सदस्य गढ़कोट संजय डबराल, जिला पंचायत सदस्य मुकेश बिष्ट सहित क्षेत्र के पूर्व सैनिक एक नवंबर को प्रतिमा स्थल पर एक दिवसीय उपवास पर बैठेंगे।
जगमोहन डांगी