17-year-old minor murdered with knives

नई दिल्ली: देश की राजधानी नई दिल्ली के बलजीत नगर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ शुक्रवार रात तीन लडको ने एक 17 वर्षीय नाबालिग की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिग किशोरों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक युवक फरार बताया जा रहा है। पटेल नगर थाना पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक किशोर का नाम मनोज कुमार नेगी था। मूलरूप से मौला गांव, रानीखेत, अल्मोड़ा, उत्तराखंड का रहने वाला नाबालिग मनोज कुमार नेगी अपने परिवार के साथ दुर्गा मोहल्ला, कुमाऊ गली, बलजीत नगर में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक 15 साल की छोटी बहन है। जो 10वीं कक्षा की पढ़ाई कर रही है। मनोज के पिता शादीपुर स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं, जबकि उसकी मां घर के पास ही मोबाइल फोन के चार्जर बनाने वाली फैक्टरी में काम करती है। मनोज ने इसी साल 12वीं कक्षा पास करने के बाद पूसा इंस्टीट्यूट में आईटीआई में दाखिला लिया था। इसके साथ ही वह घर के पास एक इंस्टीट्यूट में कंप्यूटर कोर्स करने के अलावा इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स भी कर रहा था। शाम को उसकी क्लास होती थी। रोजाना करीब 9 बजे वह वापस लौटता था।

शुक्रवार रात को मनोज क्सास के बाद कोचिंग सेंटर से घर के निकाला तो घर से 50 मीटर पहले तीन लड़कों ने उसे घेर लिया। कहासुनी के बाद अचानक दो लड़कों ने चाकू निकालकर उसके पेट, कमर, गर्दन व शरीर के बाकी हिस्सों पर वार कर दिए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि वारदात के समय गली में चहल-पहल जारी रही, नाबालिग घायल अवस्था में घर के पास ही गली में पड़ा तड़प रहा है लेकिन किसी ने उसे अस्पताल ले जाने की जहमत नहीं उठाई। 9:22 पर किसी ने पुलिस को खबर दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मनोज को  लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

मृतक के परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक उनकी 15 वर्षीय बेटी के साथ स्थानीय दो-तीन नाबालिग लड़के छेड़छाड़ करते थे। करीब एक हफ्ते पहले भी उनकी बेटी के साथ छोड़छाड़ करने वालों का मनोज ने विरोध किया था। इस दौरान बात इतनी बिगड़ गई थी कि नौबत हाथापाई तक जा पहुंची थी। मनोज ने एक लड़के को थप्पड मार दिया था। आरोपियों ने दीपावली बाद इसका हिसाब-किताब करने की बात की थी। आरोपियों ने बदला लेने के इरादे से शुक्रवार रात मनोज पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे की उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों सहित उत्तराखंड समाज के लोगों में बेहद रोष है। पुलिस ने मृतक के पिता चंदन सिंह नेगी के बयान पर पुलिस ने हत्या समेत कई अन्य धाराओ में केस दर्ज कर लिया है।

परिजनों का आरोप है कि तीसरा आरोपी बालिग है, लेकिन पुलिस जानबूझकर उसे नहीं पकड़ रही है। इससे नाराज परिजनों ने शनिवार सुबह पटेल नगर थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। बाद में पुलिस ने समझाकर परिजनों को हटाया। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया।

इधर दिल्ली-एनसीआर में रह रहे उत्तराखंड समाज के लोगों में इस घटना से बेहद गुस्सा है। उत्तराखंड एकता मंच से जुड़े सामाजसेवी जगत सिंह बिष्ट ने बताया कि विभिन्न सामाजिक संघटनों से जुड़े लोगों ने इस घटना में लिप्त तीसरे और मुख्य आरोपी को पकड़ने तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।