ग्रेटर नोएडा: मंगलवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर दनकौर क्षेत्र में चपरगढ़ अंडरपास के पास एक प्राइवेट बस ओवरटेक करने के चक्कर में ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में दो की हालत गम्भीर बनी हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आगरा से एक प्राइवेट बस यमुना एक्सप्रेसवे से होते हुए दिल्ली जा रही थी। दनकौर क्षेत्र के चपरगढ़ अंडरपास के नजदीक बस ओवरटेक करने के चक्कर में आगे चल रहे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। इस भीषण हादसे में बस में आगे की सीट पर बैठी मध्यप्रदेश निवासी शांति देवी (50) और आगरा निवासी विनोद (35) की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के दौरान ट्राली भी पलट गई थी। पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी है। फिलहाल अभी तक किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने मृतक शांति देवी और विनोद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।