ग्रेटर नोएडा: अन्तरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर रविवार को सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था (भारत) द्वारा ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर गांव में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए संस्था के संथापक डॉ.राहुल वर्मा ने कहा कि चाहे घर हो या कार्यस्थल हर जगह महिला हिंसा की शिकार हो रही है। महिलाओं पर हो रही हिंसा को रोक पाने में शासन प्रशासन पूरी तरह असमर्थ साबित हो रहा है, जिसके लिए जितना हमारी लचर कानून व्यवस्था दोषी है, उतना ही हमारा समाज भी दोषी है। इसके उन्मूलन के लिए जागरूकता अहम भूमिका निभा सकती है। डॉ. राहुल वर्मा का कहना है कि महिलाओं पर हो रही हिंसा पर रोक लग सके इसके लिए समाजसेवी संगठनों और बुद्धिजीवी लोगों को आगे आना होगा। बेटियों को शिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना होगा, ताकि महिलाएं अपने अधिकारों को जान सकें और अपने खिलाफ हो रही हिंसा के खिलाफ आवाज उठा सकें। अन्तरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के मौके पर अनिल भाटी, देवेंद्र चंदीला, रणवीर चंदीला, ओमदत्त शर्मा, महेंद्र सिंह, शेखर गुप्ता, मोहसिन खान आदि मौजूद रहे।