ग्रेटर नोएडा : मुंबई में पूर्व नौसेना अधिकारी मदन लाल शर्मा से अभद्रता व मारपीट करने के विरोध में शुक्रवार को नौसेनिक वेटरन्स संगठन, ग्रेटर नोएडा ने राष्ट्रपति, केंद्रीय रक्षा मंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। नौसेनिक वेटरन्स संगठन ने ज्ञापन में कहा है कि एक मैसेज के फार्वड करने पर किसी पूर्व नौसेनिक अधिकारी के साथ मारपीट करना निंदनीय व अक्षम्य है। एक सैनिक जिसने अपने जीवन के महत्वपूर्ण समय को देश की सीमाओं की रक्षा करने के लिए बिताया हो, उसके साथ सरेआम ऐसी हरकत करने से पूरे देश के सभी पूर्व अथवा सेनाओं में तैनात सैनिकों को आघात पहुंचा है। ज्ञापन में मांग की है कि दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। नेवल वेटरन्स ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष हॉनरी लेफ्टिनेंट सेवा निवृत्त लेखराज सिंह ने पीड़ित श्री शर्मा को न्याय दिलाने की मांग की है। ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट ने लिया। इस मौके पर दीवान सिंह भाकुनी, नागेंद्र नागर, जगदीश बंसल, मनमोहन शर्मा, विजय कुमार आदि मौजूद थे।
क्या था पूरा मामला
दरसल पिछले सप्ताह मुंबई में पूर्व नौसेना अधिकारी मदन शर्मा ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की आलोचना वाले एक कार्टून को व्हाट्सएप पर फॉरवर्ड कर दिया था। जिसके बाद शिवसैनिकों ने पूर्व अधिकारी पर शुक्रवार को जानलेवा हमला कर दिया था।



