ग्रेटर नोएडा : कोरोना महामारी के चलते पैदा हुए वर्तमान हालत के बीच ग्रेटर नोएडा की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत हजारों कर्मचारियों एवं श्रमिकों को उपचार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। ग्रेटर नोएडा में ईएसआई अस्पताल न होने से कर्मचारियों सहित उनके परिजनों को निजी अस्पतालों में महंगा उपचार कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस समस्याओं को देखते हुए एसोसिएशन ऑफ ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्री (अग्नि) ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर ग्रेटर नोएडा में ईएसआई अस्पताल की स्थापना कराने की मांग की है। निकट भविष्य में कर्मचारियों एवं श्रमिकों की संख्या लाखों पहुंच जाएगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने जा रही हैं। बता दें कि ग्रेटर नोएडा में ईएसआई अस्पताल की मांग पिछले कई सालों से की जा रही है। एसोसिएशन के अध्यक्ष सहदेव शर्मा ने बताया कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां स्थित हैं,जिनमें हजारों की संख्या में कर्मचारी एवं श्रमिक कार्यरत हैं,लेकिन सरकार द्वारा किसी तरह की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। नोएडा के सेक्टर-24 स्थित ईएसआई अस्पताल स्थित है,लेकिन वहां जाने पर काफी मुश्किलें होती हैं। सहदेव शर्मा का कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान ग्रेटर नोएडा के कर्मचारियों को और अधिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। औद्योगिक इकाइयों को अपने श्रमिकों एवं कर्मचारियों का समय- समय पर कोविड-19 टेस्ट करवाना पड़ रहा है,लेकिन ग्रेटर नोएडा में इसके लिए कोई पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कोरोना काल में नोएडा स्थित ईएसआई अस्पताल में कोविड-19 का टेस्ट एवं उपचार व्यवहारिक स्तर पर संभव नहीं है। एसोसिएशन के संगठन मंत्री अशोक कुमार ने बताया कि पिछले एक दशक से भी अधिक समय से शासन और प्रशासन के सामने ग्रेटर नोएडा में ईएसआई अस्पताल जैसी सुविधा मुहैया कराने की मांग उठायी जा रही है। उद्यमियों का आरोप है कि शासन प्रशासन नोएडा की अपेक्षा ग्रेटर नोएडा से भेदभाव करता है। ग्रेटर नोएडा जनपद गौतमबुद्धनगर का केंद्र है। जनपद की अधिकांश प्रशासनिक गतिविधियां भी यहीं से संचालित होती हैं। निकट भविष्य में यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने से कर्मचारियों एवं श्रमिकों की संख्या लाखों हो जाएगी। मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि ग्रेटर नोएडा में ईएसआई अस्पताल की स्थापना कर श्रमिकों एवं कर्मचारियों को राहत प्रदान करने का काम किया जाए।