bilaspur-hadsa

ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्ध नगर जनपद के बिलासपुर कस्बे में है। शुक्रवार रात सिरजेखानी मौहल्ले में एक कच्चा मकान गिर जाने से मलबे में पति-पत्नी दब गये। स्थानीय लोगों द्वारा मलबे में दबे पति पत्नी को बड़ी मशक्कत से बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया गया। जहाँ इलाज के दौरान महिला की मौत हो गयी, तथा पति की नाजुक हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक बिलासपुर के मौहल्ला सिरजेखानी में कदीर अब्बासी अपने परिवार के साथ रहता है। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे उसका मकान अचानक गिर गया। जिसमें कदीर, उसकी पत्नी शकीला बेगम मलबे में दब गये। जिससे उनके गंभीर चोटें आयीं। आवाज सुनकर स्थानीय लोग भागकर मौके पर पहुंच गये और बड़ी मशक्कत के बाद पति-पत्नी को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया। इस हादसे में 45 वर्षीय महिला शकीला की मौत हो गयी, जबकि कदीर दिल्ली के अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। कदीर के सात बच्चे हैं। हादसे के समय चार बेटियां रिश्तेदारी में गयी हुई थीं। जबकि एक बेटा और बेटी घर से बाहर थे। छोटी बेटी घटना के समय पानी पीने के लिए आंगन में चली गई थी।

घटना के बाद सदर तहसीलदार संजय मिश्रा, लेखपाल विकास कुमार व कोतवाली प्रभारी फरमूद अली पीड़ित परिवार से मिले और शासन से आर्थिक मदद दिलाने का आासन दिया। कदीर जो साधारण मजदूर है और बुग्गी चला कर अपना गुजारा करता है।