nale-me-giri-mahila

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के एलजी गोल चक्कर के पास बुधवार को एक महिला चक्कर आने से अचानक सड़क किनारे नाले में गिर गई। बताया जा रहा है कि महिला आधे घंटे तक नाले में पड़ी रही इस बीच कई लोग वीडियो बनाते रहे परन्तु किसी ने उसे बाहर निकलने की कोशिश नहीं की। इस बीच एक राहगीर ने महिला के सात वर्षीय बेटे को रोता देखा और उससे इस घटना के बारे में पता चला। जिसकी सूचना दमकल विभाग को दी।

मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला। महिला सौ मीटर दूर तक बह गई थी। बताया जा रहा है कि चक्कर आने पर उल्टी करने के लिए महिला वैन से उतर गई थी। जानकारी के मुताबिक सेक्टर पी-3 निवासी महिला आभा रानी गोयल पत्नी मनीष गोयल एक वैन में सवार होकर अपने सात वर्षीय बेटे के साथ किसी कार्य से कहीं जा रही थी। इस दौरान उसकी तबीयत खराब हुई तो वह उल्टी करने के लिए एलजी गोल चक्कर के पास उतर गई और वैन चालक चला गया।

महिला गोल चक्कर के नजदीक बने नाले पर उल्टी करने लगी और अचानक चक्कर आने पर नाले में गिर पड़ी। महिला के गिरते ही उसका सात वर्षीय बेटा रोने लगा। इस दौरान यहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने बच्चे के रोने पर कारण पूछा तो महिला के गिरने की बात पता चली। महिला के दिखाई न पड़ने पर युवक ने दमकल विभाग को सूचना दी। घटना की जानकारी पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला को नाले से निकला। महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।