shardiya-navratri-2023

Shardiya Navratri 2023: इस वर्ष शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ 15 अक्टूबर रविवार से हो रहा है। तीन अति विशिष्ट राजयोग बनने से 30 वर्ष पश्चात मंत्रों एवं यंत्रों की सिद्धि के लिए बहुत बड़ा अद्भुत संयोग बन रहा है।

आचार्य डॉक्टर चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने बताया कि इस बार शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ रविवार को होने से देवी मां हाथी की सवारी में आ रही है। जिसे ज्योतिषीय दृष्टि से पूरे राष्ट्र के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।

आचार्य घिल्डियाल के अनुसार इस वर्ष नवरात्रि के प्रारंभ में ही सौरमंडल में ग्रहों की स्थिति के अनुसार बुध आदित्य, भद्र एवं शश जैसे महत्वपूर्ण राजयोग बनने से मंत्रों एवं यंत्रों की सिद्धि के लिए परम सौभाग्य योग की स्थिति बन गई है। जिसका लोगों को लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने आगे बताया कि मेष, वृष, कर्क, सिंह, मकर एवं मीन राशि के जातकों के लिए यह नवरात्रि अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी।

कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त

सुबह 5:00 से 6:30 बजे तक ब्रह्म मुहूर्त में कोई भी कार्य किया हुआ अत्यंत सफल दायक होता है, परंतु यदि इस समय कलश स्थापना ना हो पाए तो सुबह 11:48 से 12:42 तक अभिजीत मुहूर्त में कलश स्थापना करना श्रेष्ठ फलदायक रहेगा।

किस दिन किस देवी की होगी पूजा

  1. 15 अक्टूबर 2023 प्रतिपदा तिथि शैलपुत्री का पूजन
  2. 16 अक्टूबर 2023 सोमवार द्वितीया तिथि में ब्रह्मचारिणी का पूजन
  3. 17 अक्टूबर 2023 मंगलवार तृतीय में चंद्रघंटा का पूजन
  4. 18 अक्टूबर 2023 बुधवार चतुर्थी तिथि में कुष्मांडा का पूजन
  5. 19 अक्टूबर 2023 बृहस्पतिवार पंचमी तिथि में स्कंदमाता का पूजन
  6. 20 अक्टूबर 2023 शुक्रवार में कात्यायनी का पूजन
  7. 21 अक्टूबर 2023 शनिवार सप्तमी को कालरात्रि पूजन
  8. 22 अक्टूबर 2023 रविवार को दुर्गा अष्टमी पूजन
  9. 23 अक्टूबर 2023 सोमवार को नवमी पूजन
  10. 24 अक्टूबर 2023 मंगलवार को दशमी तिथि दशहरा के साथ देवी अनुष्ठान का विधिवत विसर्जन।