पौड़ी गढ़वाल, 8 अगस्त 2026: पौड़ी गढ़वाल जनपद के युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर सामने आया है। जिला प्रशासन एवं कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, लैंसडाउन के संयुक्त तत्वावधान में 16 अगस्त 2026 को कोटद्वार में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, कोटद्वार में सुबह 10 बजे से शुरू होगा।

रोजगार मेले में हरिद्वार, देहरादून और कोटद्वार क्षेत्र की करीब 10 से 15 प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयों के प्रतिभाग करने की संभावना है। इन कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए 500 से अधिक रिक्तियों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

इन शैक्षिक योग्यताओं वाले युवा कर सकेंगे आवेदन

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह के अनुसार रोजगार मेले में विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों से संबंधित अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इनमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, बीबीए, एमबीए, बीएससी/एमएससी (केमिस्ट्री), बीटेक और एमटेक सहित विभिन्न शैक्षिक योग्यताएं शामिल हैं।

आईटीआई में फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर और प्लंबर ट्रेड के अभ्यर्थियों के साथ-साथ मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा धारक युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

अभ्यर्थी ये दस्तावेज साथ लेकर पहुंचें

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को 16 अगस्त को सुबह 10 बजे निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्न दस्तावेज लाने होंगे—

  • बायोडाटा/सीवी की दो प्रतियां
  • नवीनतम पासपोर्ट साइज के दो फोटो
  • सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रतियां
  • सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण-पत्र

 अधिक जानकारी के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क

रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी कार्यालय दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निम्न मोबाइल नंबरों पर प्राप्त की जा सकती है—

9927477709, 9917250670 एवं 8171307685

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने जिले के अधिक से अधिक पात्र एवं इच्छुक युवाओं से रोजगार मेले में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।